20 नवंबर को योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु; देवउठनी एकादशी के साथ 21 नवंबर से गूंजेंगी शहनाइयां, शुरू होंगे मांगलिक कार्य

Nov 13, 2026 - 18:59
 0
20 नवंबर को योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु; देवउठनी एकादशी के साथ 21 नवंबर से गूंजेंगी शहनाइयां, शुरू होंगे मांगलिक कार्य

लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन : चातुर्मास के चार महीने के लंबे विराम के बाद अब एक बार फिर से शहर और गांवों में बैंड-बाजे और शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी (प्रबोधिनी) एकादशी पर आगामी 20 नवंबर को भगवान विष्णु अपनी योगनिद्रा से जागृत होंगे। इसके अगले ही दिन यानी 21 नवंबर से विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी।

तुलसी विवाह के साथ जागेंगे जगत के पालनहार

योग शिक्षक एवं पंडित लोकेश कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास का समापन हो जाएगा। इसी पावन दिन भगवान विष्णु और माता तुलसी का विवाह संपन्न होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन से भगवान विष्णु पुनः सृष्टि के पालन, पोषण और संरक्षण का कार्य संभालते हैं। देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह, जनेऊ, गृह प्रवेश जैसे तमाम मांगलिक अनुष्ठान शुरू हो जाते हैं।

नवंबर में 5 और दिसंबर में 7 विवाह मुहूर्त

पंडित लोकेश कुमार ने ज्योतिषीय गणनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 16 दिसंबर से 'खरमास' शुरू होने से पहले इस सीजन में विवाह के कुल 12 बेहतरीन मुहूर्त मिल रहे हैं:

  • नवंबर माह में मुहूर्त: 21, 24, 25, 26 और 30 तारीख (कुल 5 मुहूर्त)

  • दिसंबर माह में मुहूर्त: 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख (कुल 7 मुहूर्त)

16 दिसंबर से लगेगा खरमास, 15 मार्च 2027 तक लगेगा विराम

पंडित जी ने बताया कि सूर्यदेव 15 दिसंबर को दोपहर 1 बजे मूल नक्षत्र में धनु राशि में प्रवेश करेंगे, जिसके चलते 16 दिसंबर से खरमास शुरू हो जाएगा और मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। इसके बाद मकर संक्रांति (15 जनवरी) के बाद 18 जनवरी से नए साल के विवाह मुहूर्त दोबारा शुरू होंगे और फरवरी माह में भी शादियों के कई साए रहेंगे। हालांकि, आगामी 15 मार्च 2027 से एक बार फिर मांगलिक कार्यों पर कुछ समय के लिए रोक लग जाएगी।

शादी-ब्याह के साए नजदीक आते ही टेंट हाउस, कैटरर्स, घोड़ी वाले और मैरिज होम संचालकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है और बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................