फरीदाबाद के राष्ट्रीय 'ग़ज़ल-कुंभ' में अलंकृत हुए अलवर के वरिष्ठ ग़ज़लकार रामचरण 'राग': मोतियों की माला और साफा पहनाकर किया भव्य सम्मान

Nov 16, 2026 - 17:40
 0
फरीदाबाद के राष्ट्रीय 'ग़ज़ल-कुंभ' में अलंकृत हुए अलवर के वरिष्ठ ग़ज़लकार रामचरण 'राग': मोतियों की माला और साफा पहनाकर किया भव्य सम्मान

अलवर / कमलेश जैन। साहित्य की महत्वपूर्ण एवं प्रभावी काव्य-विधा ग़ज़ल के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय राष्ट्रीय स्तर की संस्था 'परवाज़-ए-ग़ज़ल' की ओर से फरीदाबाद के एन.आई.टी. परिसर स्थित के.एल. मेहता दयानंद कॉलेज के सभागार में भव्य 'ग़ज़ल-कुंभ' का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय समारोह में अलवर के सृजक संस्थान के सचिव एवं ख्यातिप्राप्त ग़ज़लकार रामचरण 'राग' को ग़ज़ल विधा में उनके महत्वपूर्ण व दीर्घकालिक योगदान के लिए मोतियों की माला, पुष्प गुच्छ, साफा और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।

दिग्गज साहित्यकारों की मौजूदगी में सजा मुशायरा

विख्यात शायर हसन फतेहपुरी की अध्यक्षता में आयोजित इस राष्ट्रीय ग़ज़ल-समारोह में ख्यातिलब्ध शायर नोमान 'शौक़' मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आकाशवाणी के पूर्व निदेशक डॉ. लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, मासूम ग़ाज़ियाबादी, विज्ञान व्रत, ओमप्रकाश यति और अलीना इतरत सहित देश भर के कई नामचीन ग़ज़लगो ने शिरकत की।

समारोह के दौरान आयोजित मुशायरे में अलवर के वरिष्ठ ग़ज़लकार रामचरण 'राग' ने अपने बेहतरीन और उम्दा कलाम पेश कर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। इस गरिमामयी कार्यक्रम में अलवर के वरिष्ठ साहित्यकार गोकुल राम शर्मा 'दिवाकर' और युवा कवि प्रेम शर्मा ने भी विशेष रूप से शिरकत की।

पाँच साझा ग़ज़ल संग्रहों का हुआ लोकार्पण

सृजक संस्थान के प्रवक्ता मुकेश मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन के दौरान 'अहले-फिक्र' और 'नस्लें-नौ' सहित ग़ज़ल के पाँच नवनिर्मित साझा संग्रहों का लोकार्पण भी किया गया। उल्लेखनीय है कि पुस्तक 'अहले-फिक्र' में रामचरण 'राग' की चार चुनिंदा ग़ज़लों को भी स्थान दिया गया है, जिससे अलवर के साहित्य जगत में हर्ष का माहौल है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................