भरतपुर का मान: अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल का भूरी सिंह व्यायामशाला में भव्य अभिनंदन
भरतपुर (विष्णु मित्तल)। भरतपुर संभाग के गौरव एवं प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल का 'समृद्ध भारत अभियान' की ओर से भूरी सिंह व्यायामशाला में भव्य अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, खेल जगत की हस्तियों एवं गणमान्य नागरिकों ने रुद्रांश की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे भरतपुर के लिए गौरव का क्षण बताया।
शहर में निकलेगी भव्य अभिनंदन रैली
समारोह में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रुद्रांश को मिले प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार की खुशी में भरतपुर शहर में एक भव्य अभिनंदन रैली निकाली जाएगी। इसमें सभी समाजों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, खेलप्रेमियों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सम्मिलित किया जाएगा।
'समृद्ध भारत अभियान' की ओर से रुद्रांश खंडेलवाल को चांदी का मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर, साफा पहनाकर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके माता-पिता, दादी एवं नाना-नानी का भी अभिनंदन किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने विश्वास जताया कि रुद्रांश आगामी पैरा ओलंपिक प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करेंगे।
कड़ी मेहनत से हर चुनौती को किया जा सकता है पार: सीताराम गुप्ता
समारोह के मुख्य अतिथि, कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने कहा कि रुद्रांश ने दुर्घटना में अपना एक पैर गंवाने के बाद निराशा के बजाय इस चुनौती को अपनी ताकत बनाया। अदम्य इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने पैरा शूटिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। गुप्ता ने कहा कि भरतपुर जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।
वक्ताओं ने की संघर्ष और समर्पण की सराहना
कार्यक्रम में अनिल लोहिया, पैरा शूटिंग कोच सुमित राठी, पूर्व अधीक्षण अभियंता हेमराज गोयल, सेवानिवृत्त कमांडेंट ओमवीर सिंह, पत्रकार दीपक लवानिया, रुद्रांश की माता विनीता खंडेलवाल एवं पिता आशुतोष खंडेलवाल ने रुद्रांश के संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। पूर्व जिला खेल अधिकारी सत्य प्रकाश लुहाच ने अर्जुन पुरस्कार के महत्व एवं मिलने वाली सुविधाओं पर प्रकाश डाला।
प्रारंभ में व्यायामशाला के प्रबंधक चुन्नी कप्तान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान शहर के विभिन्न समाजों, संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने रुद्रांश का गर्मजोशी से स्वागत कर भरतपुर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।

