सोऊ की ढाणी विद्यालय में पौधारोपण व जियो टैगिंग कार्यक्रम आयोजित, भामाशाह ने भेंट किए सीसीटीवी कैमरे
बावड़ी/जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)। बावड़ी उपखंड के सोयला कस्बे में स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पूर्वी सोऊ की ढाणी के प्रांगण में राज्य सरकार के निर्देशों एवं पीईईओ सोयला द्वारा आवंटित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण तथा जियो टैगिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। इसके साथ ही रोपे गए सभी पौधों की जियो टैगिंग भी की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और उपस्थित ग्रामीणों ने पौधों की नियमित देखभाल करने, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, भामाशाह का जताया आभार: कार्यक्रम के दौरान स्थानीय भामाशाह ओमाराम सोऊ ने विद्यालय को करीब 30 हजार रुपये की लागत से चार सीसीटीवी कैमरे भेंट किए। संस्थाप्रधान परसराम स्वामी ने विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों एवं कक्षा 7 की पठन-पाठन प्रक्रिया की जानकारी दी।
विद्यालय स्टाफ एवं स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने भामाशाह ओमाराम सोऊ का आभार जताते हुए कहा कि कैमरे लगने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। इस मौके पर शिक्षक भेरु सिंह चारण, मनीष प्रजापत, अरुण डारा, मनीष चौधरी तथा एसएमसी अध्यक्ष हुकमा राम सोऊ सहित कई लोग उपस्थित रहे।

