चलती सीएनजी कार बनी आग का गोला: धूं-धूं कर जली कार, बाल-बाल बचे सवार
नांदिया-बावड़ी मार्ग पर हरढाणी के पास हादसा; सीएनजी पाइप फटने से लगी भीषण आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा। बावड़ी क्षेत्र के हरढाणी गांव के पास सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नांदिया से बावड़ी की ओर जा रही एक सीएनजी बलेनो कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार यात्रियों ने समय रहते कार से उतरकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
अचानक फटी सीएनजी पाइप, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, धनारी कलां (हाल महामंदिर, जोधपुर) निवासी जुगराज सोनी अपनी बलेनो कार से जोधपुर जा रहे थे। जैसे ही कार हरढाणी से निकलकर पुनियां की बासनी के बीच पहुंची, तभी अचानक गाड़ी में तकनीकी खराबी के साथ सीएनजी गैस की नली (पाइप) फट गई। पाइप फटते ही पूरी कार में तेज आग फैल गई। चालक और सवारियों ने बिना वक्त गंवाए सूझबूझ दिखाई और हड़बड़ाहट में तुरंत नीचे उतर गए।
कार पूरी तरह जलकर खाक, पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर कंकाल बन गई। घटना की सूचना मिलते ही खेड़ापा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
थानाधिकारी का बयान:
खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम जाखड़ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण सीएनजी गैस की नली फटना सामने आया है। कार सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और यातायात सुचारू करवा दिया गया है।

