जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न :जेजेएम के तहत क्षतिग्रस्त सडकों को करायें शीघ्र दुरूस्त - जिला कलक्टर

Jun 11, 2025 - 15:03
 0
जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न :जेजेएम के तहत क्षतिग्रस्त सडकों को करायें शीघ्र दुरूस्त - जिला कलक्टर

भरतपुर, 11 जून  (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)  जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक समीक्षा बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी बरसात के मौसम को देखते हुये जल जीवन मिशन के तहत क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों को तुरंत प्रभाव से गुणवत्ता पूर्ण ठीक कराया जाये जिससे आमजन को परेशानी न हो। उन्होंने अवैध नल कनेक्शनों को काटने की कार्यवाही करते हुये उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करें। उन्होंने जिले में पेयजल सप्लाई सिस्टम नेटवर्क एवं विकास कार्यों की मैपिंग तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी व पीएचईडी विभाग आपस में समन्वय रखते हुये कार्यों को गति दें जिससे विकास कार्य समय पर पूर्ण हो सकें। उन्होंने शहरी क्षेत्र में पेयजल के विकास कार्यों के लिये नगर निगम, बीडीए व पीएचईडी के आपसी समन्वय से कार्य करने की बात भी कही। 
उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया को समय से पूर्ण कर लिया जाये ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े । उन्होंने कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी) ग्रामीण परिवारों को नियमित आधार पर पर्याप्त मात्रा और गुणवत्ता वाला पेयजल उपलब्ध कराने वाले नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिये कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्राम एवं जल स्वच्छता समिति में नामित नल जल मित्रों की आवश्यक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्रों की पारदर्शिता की दृष्टि से गहनता से जांच की जाये। उन्होंने मुख्य कार्यकारी अधिकारी को  शत-प्रतिशत जल कनेक्शन प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायतों से हर घर जल प्रमाण पत्र लिया जाये एवं इनकी सूची भी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने चम्बल-धौलपुर-भरतपुर वृहद परियोजना, चंबल-अलवर-भरतपुर वृहद परियोजना और कालीतीर पेय जल परियोजना में सम्मिलत शहर एवं ग्रामों की कार्य योजना की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति फीडबैक लिया।
उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत करवाए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जावेगी। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है उन्हें जल्द से जल्द वर्क आर्डर जारी करके काम शुरू करवाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शेष रहे ग्राम पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों तथा राजकीय विद्यालयों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई जाए। साथ ही पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भौतिक सत्यापन भी किया जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर घनश्यान शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह, अधीक्षण अभियंता वृहद परियोजना चम्बल एचके अग्रवाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेंद्र कुमार वर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मधु भार्गव, अधिशाषी अभियंता केडी पाण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................