फरीदाबाद के 'ग़ज़ल-कुंभ' में गूंजेगा अलवर का नाम: वरिष्ठ शायर रामचरण 'राग' 15 नवंबर को करेंगे शिरकत, साझा संग्रहों का होगा लोकार्पण
अलवर / कमलेश जैन : साहित्य की महत्वपूर्ण और प्रभावी काव्य-विधा ग़ज़ल के संवर्द्धन के लिए कार्यरत राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्था 'परवाज़-ए-ग़ज़ल' के तत्वावधान में 15 नवंबर को फरीदाबाद के एन.आई.टी. परिसर स्थित के.एल. मेहता दयानंद कॉलेज के सभागार में एक भव्य 'ग़ज़ल-कुंभ' का आयोजन होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय मुशायरे में देश के कई ख्यातिलब्ध साहित्यकार और ग़ज़लकार अपनी कला का जादू बिखेरेंगे।
देशभर के नामचीन शायर करेंगे शिरकत आयोजन की जानकारी देते हुए 'सृजक' संस्थान के प्रवक्ता मुकेश मीणा ने बताया कि विख्यात शायर हसन फतेहपुरी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस समारोह में वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित शायर नोमान शौक़ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस महफिल में आकाशवाणी के पूर्व निदेशक डॉ. लक्ष्मी शंकर वाजपेई, मासूम ग़ाज़ियाबादी, दीक्षित दनकौरी, विज्ञान व्रत, ओमप्रकाश यति और अलीना इसरत जैसे देश के दिग्गज ग़ज़लकार अपने कलाम पेश करेंगे।
अलवर के साहित्यकारों की विशेष उपस्थिति इस प्रतिष्ठित मुशायरे में अलवर के वरिष्ठ ग़ज़लकार एवं साहित्यिक संस्था 'सृजक' के संस्थापक सचिव रामचरण 'राग' को विशेष रूप से ग़ज़ल-पाठ के लिए आमंत्रित किया गया है। उनके साथ अलवर के वरिष्ठ साहित्यकार गोकुल राम शर्मा 'दिवाकर' और युवा कवि प्रेम शर्मा भी इस गरिमामयी ग़ज़ल-समारोह में सहभागिता करेंगे।
पाँच साझा संग्रहों का होगा लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान हाल ही में प्रकाशित ग़ज़ल के पाँच साझा संग्रहों—जिनमें 'अहले-फिक्र' और 'नस्लें-नौ' प्रमुख हैं—का लोकार्पण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पुस्तक 'अहले-फिक्र' में अलवर के शायर रामचरण 'राग' की पाँच चुनिंदा ग़ज़लों को भी शामिल किया गया है। इस दौरान देश भर से आए वरिष्ठ ग़ज़लकारों का अभिनंदन भी किया जाएगा, जिससे अलवर के साहित्यिक गलियारों में हर्ष का माहौल है।

