सकट में धूमधाम से मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती: मीणा समाज की धर्मशाला में आयोजित हुआ 'आदिवासी गौरव दिवस' समारोह
सकट/ अलवर : कस्बे के बस स्टैंड स्थित मीणा समाज की धर्मशाला में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 'आदिवासी गौरव दिवस' के रूप में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जल, जंगल और जमीन के लिए ऐतिहासिक संघर्ष करने वाले महान क्रांतिकारी और जननायक बिरसा मुंडा को याद करने के लिए सर्वसमाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा आदिवासी नेता बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने जानकारी दी कि प्रदेशभर में 23 नवंबर तक 'जनजाति गौरव सप्ताह' मनाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष को किया साझा समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री महेंद्र चांदा ने बिरसा मुंडा के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके क्रांतिकारी योगदान को सराहा। वहीं, एसटी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता शिवलाल मीणा ने बताया कि बिरसा मुंडा ने समाज सुधार, जल-जंगल की रक्षा तथा अंधविश्वासों व कुप्रथाओं के विरोध के साथ-साथ शिक्षा के विस्तार पर विशेष जोर दिया था, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में सर्वसमाज के गणमान्य लोगों ने बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
प्रमुख रूप से ये रहे मौजूद इस अवसर पर भाजपा एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष हरी सिंह कोडिया, जिला उपाध्यक्ष हरिकिशन मीणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल जैन, बादल सेन, सरपंच राजकुमार मीणा, उपसरपंच गोपाल प्रसाद लाटा, सचिन जैन, घासीराम मीणा, हेमंत भट्ट, सुरेंद्र सैनी, ग्यारसी राम मीणा, हरबल मीणा, और मुरारी लाल जैमन सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

