पचलंगी चौकी पर तैनात 58 वर्षीय हेड कांस्टेबल हरसहाय चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव): उदयपुरवाटी पुलिस थाने की पचलंगी चौकी पर तैनात 58 वर्षीय हेड कांस्टेबल हरसहाय चौधरी का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया। प्रथम दृष्टया उनकी मृत्यु का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) माना जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस दुखद घटना के बाद पुलिस महकमे और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
तबीयत बिगड़ने पर साथी कर्मी ले गए अस्पताल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीमकाथाना के गोवर्धनपुरा निवासी हरसहाय चौधरी (पुत्र चूना राम) उदयपुरवाटी थाने में पदस्थापित थे और वर्तमान में पचलंगी पुलिस चौकी पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर चौकी व थाने के अन्य पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), उदयपुरवाटी लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. अरुण शर्मा की मेडिकल टीम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस प्रशासन और परिजनों में गहरा शोक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी और मृतक हेड कांस्टेबल के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस प्रशासन द्वारा नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाने के पश्चात पार्थिव देह परिजनों को सुपुर्द की जाएगी। कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के इस तरह अचानक चले जाने से साथी जवानों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त है।

