आबादी क्षेत्र में पैंथर के मूवमेंट से बना दहशत का माहौल, सीसीटीवी में कैद हुआ पैंथर
उदयपुर (मुकेश मेनारिया) वन्यजीव जंगलों से निकलकर आबादी क्षेत्र की ओर रुख कर रहे हैं। वल्लभनगर उपखण्ड के बाठरडा खुर्द गांव में पैंथर के मूवमेंट से दहशत का माहौल बन गया। इससे पहले भी कई बार पैंथर इलाके में आ चुका है। पालतू पशुओं का भी शिकार कर चुका है। रात के समय ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। बुधवार रात 8:30 बजे दुर्गेश मेनारिया के मोटरसाइकल के सामने अचानक पैंथर आ गया जिससे वह घबरा गया और चिल्लाते हुए जान बचाकर भागा। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पैंथर आने की सूचना से घबराए लोग पूरी रात भर चैन से सो नहीं पाए।
ग्रामीण बाबूलाल गाडरी ने बताया कि बीते कुछ दिनों से रात्रि के समय पेंथर परिवार के साथ आ रहा है। जिसमे 3 पेंथर एक साथ देखे हैं। और वो बाड़े में बंधे मवेशियों को मार रहे है। इस दौरान बाबूलाल गाडरी की 6 बकरियां व एक पालतु कुत्ता, मोतीलाल गाडरी की 4 बकरियों को पेंथर अपना निवाला बना चुका है। ग्रामीणों ने वन अधिकारी रेंज भींडर कैलाश मेनारिया को इसकी सूचना दी। जिस पर वन नाका भटेवर से वन कर्मचारियों को मौके पर जाने के लिए कहा है। और पैंथर पर नजर व आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आग्रह किया है कि पैंथर को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए और वन विभाग की ओर से गस्त लगाई जाए जिससे जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कैलाश मेनारिया (क्षेत्रीय वन अधिकारी रेंज भींडर) का कहना है कि - ग्रामीणों की सूचना मिलने के तुरंत बाद भटेवर वन नाके से वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया है। तथा आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पैंथर के मूवमेंट की भी जांच की जा रही है।

