तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दो शिक्षिकाओं को मारी टक्कर,साथी शिक्षकों ने निजी वाहन से पहुचाया उपजिला अस्पताल
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
बयाना में हिंडौन स्टेट हाइवे पर गणेश मोड़ के पास गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दो शिक्षिकाओं को टक्कर मार दी। घायलों की पहचान प्रमिला (35) और पूनम (29) के रूप में हुई है। दोनों गंगापुर सिटी की रहने वाली हैं और बयाना के बागरैन गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे साथी शिक्षकों ने घायलों को निजी वाहन से बयाना उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। सीएचसी प्रभारी डॉ. जोगेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज किया गया है और फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बयाना-हिंडौन मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही से आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोग इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक निगरानी की मांग कर रहे हैं। मगर प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।