जिला प्रशासन सतर्क:एसडीएम ने किया स्कूल भवनों का निरीक्षण,दिए आवश्यक दिशा निर्देश
सरमथुरा (धौलपुर) नाहर सिंह मीणा
राजस्थान प्रदेश में हो रही लगातार अतिभारी बारिश के कारण धौलपुर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. ने जिले के समस्त स्कूलों का 28 जुलाई से 31 तक कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया । इसके साथ ही सभी स्कूल भवनों की संरचनात्मक स्थिति की जांच के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को सरमथुरा उपखंड अधिकारी (एसडीएम) अमन चौधरी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विलौनी , चन्द्रावली, एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय उर्दूपुरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ विद्यालयों में कमरे क्षतिग्रस्त अवस्था में पाए गए। जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील करवा दिया गया। ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
एसडीएम चौधरी ने विद्यालय स्टाफ को सावधानी बरतने व सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ACBEO रामगोपाल मीणा, गिरदावर रामप्रकाश मीणा (बिलोनी) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने कहा है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं होता, निरीक्षण और निगरानी कार्य जारी रहेगा, तथा सभी स्कूल प्रमुखों को सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है।


