बारिश ने भरतपुर प्रशासन की तैयारियों की खोली पोल ,सीएम जनसुनवाई केंद्र तक में घुटनों तक भरा पानी,आमजन भगवान भरोसे
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
शहर में बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह तक हुई बारिश ने भरतपुर प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। नगर निगम और विकास प्राधिकरण आयुक्त के आवास सहित सीएम जनसुनवाई केंद्र तक में घुटनों तक पानी भर गया है। शहर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव बना हुआ है। स्कूल के बच्चे गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। कलेक्ट्रेट और आईजी कार्यालय के बाहर भी डेढ़ फीट तक पानी जमा है। प्रशासन मानसून से पहले नालों की सफाई के दावे कर रहा था, लेकिन कई नाले अब भी बंद पड़े हैं। इससे जलनिकासी नहीं हो पा रही। बारिश को लेकर मौसम विभाग पहले ही येलो अलर्ट जारी कर चुका था। कई जिलों में पहले ही स्कूल बंद कर दिए गए थे, लेकिन भरतपुर में छुट्टी का आदेश गुरुवार सुबह 10 बजे जारी किया गया। जनता को हो रही परेशानियों से प्रशासनिक लापरवाही साफ नजर आ रही है।


