महिला के वेश में घूम रहा था 10 हजार का ईनामी हिस्ट्रीशीटर, गिरफ्तार
उदयपुर।(मुकेश मेनारिया) सुखेर थाना क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और 10 हजार रुपये का ईनामी अपराधी नारायण दास वैष्णव को पुलिस ने महिला की वेशभूषा में घूमते हुए सायरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वह हार्डकोर अपराधी दिलीप नाथ के संगठित गिरोह का प्रमुख सदस्य था।
नारायण दास ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर 35.50 लाख रुपये की अवैध वसूली और ज़मीन का एग्रीमेंट कराने के मामले में भूमिका निभाई थी। इस मामले में पहले ही दिलीप नाथ, नरेश वैष्णव, नरेश पालीवाल और विष्णु पालीवाल गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल ने बताया कि आरोपी बिहार के पटना में फर्जी पासपोर्ट मामले में भी वांछित है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गोपाल स्वरुप मेवाड़ा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। स्पेशल टीम द्वारा डिटेन करने के बाद नारायण दास को अनुसंधान अधिकारी सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने गिरफ्तार किया। अन्य आरोपी – वीरेंद्र सिंह (निलंबित कांस्टेबल), गजेन्द्र चौधरी, डेविड गायरी, शंकर सिंह, पीटू कलाल, कमल दया, हेमराज डांगी, लाखन खटीक पर भी नामजद मुकदमा दर्ज है। इनमें से गजेन्द्र, डेविड, हेमराज, कमल पर 2-2 हजार और लाखन, पीटू पर 5-5 हजार का ईनाम घोषित किया गया है।

