रतनपुरा गांव में हीरामल बाबा के मेले में दर्शनों को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड
सकट. क्षेत्र के गांव रतनपुरा में अरावली पर्वत मालाओं के बीच गांव के राउप्रावि के पास स्थित हीरामल बाबा के मंदिर पर बाबा का एक दिवसीय वार्षिक मेला आयोजित हुआ। मेले में आस पास के गांवों के अलावा दूरदराज क्षेत्र से श्रद्धालु पहुंचे और हीरामल बाबा के मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और परिक्रमा लगाकर मत्था टेक मन्नतें मांगी। श्रद्धालु राजू रतनपुरा व कैलाश चंद मीना ने बताया कि मेले का कार्यक्रम शुरू होने से पहले ग्रामीणों के द्वारा डीजे की स्वर लहरियों के साथ नाचते गाते हीरामल बाबा की निशान झण्डा यात्रा निकाली गई। पूजा अर्चना के साथ निशान यात्रा प्रातः 9:15 बजे नीमला गांव से विधिवत रवाना हुई जो नगर परिक्रमा करते हुए रतनपुरा गांव हीरामल बाबा के मंदिर पर पहुंची जहां ग्रामीणों द्वारा हीरामल बाबा के मंदिर पर निशान (झंडा) चढ़ाकर विधिवत मेले की शुरुआत की गई। मेले को लेकर बुधवार रात्रि भजन संध्या आयोजन हुआ जिसमें शिव मित्र मंडल बसवा के कलाकार शिव कुमार राजपूत,दौलत सैन व राजेंद्र शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने हीरामल बाबा सहित अन्य देवी देवताओं के भजनों की प्रस्तुतियां पेश की साथ ही यहां आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर भंडारे की प्रसादी ग्रहण की भंडारे में प्रसादी पाने के लिए गांव रतनपुरा के अलावा नीमला,सुरेर,प्रेमपुरा,दाखाली, विजयनगर्,मोतीवाड़ा आदि गांवों से श्रद्धालु पहुंचे। इस मौके पर मंदिर में विराजित हीरामल बाबा, देवनारायण जी, राधा कृष्ण जी,कालश देव जी, हनुमान जी एवं संत जी महाराज की प्रतिमाओं की सुगंधित पुष्पों से मनमोहक झांकी सजाई गई। इस मौके पर कैलाश,राम्या,झंडू राम सैनी,सीता राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
- राजेंद्र मीणा की रिपोर्ट


