झोलाछाप डॉक्टर ने लगाया इंजेक्शन, लड़की की अचानक बिगडी तबियत - मौत
उच्चेन (लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल): क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। मुररका निवासी 19 वर्षीय छात्रा सविता ने शनिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सविता पिछले 25 दिनों से मौत और जिंदगी के बीच संघर्ष कर रही थी। जानकारी के अनुसार सविता अपने ननिहाल डलीराम निवासी जुगला पट्टी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। करीब एक माह पहले उसे बुखार हुआ तो परिजन उपचार के लिए स्थानीय झोलाछाप डॉक्टर अशोक के पास ले गए। परिजनों का आरोप है कि मरीज के मना करने के बावजूद डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया।जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में सविता को जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां लगातार इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह करीब आठ बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सविता के नाना डलीराम ने झोलाछाप डॉक्टर अशोक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि कस्बे और आसपास के इलाकों में आज भी झोलाछाप डॉक्टर बेखौफ होकर आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।