'ऑपरेशन एंटीवायरस' अभियान के तहत कार्रवाई, 5 साइबर ठग गिरफ्तार: 8 मोबाइल और फर्जी सिम कार्ड जब्त
कामां थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन एंटीवायरस' अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने उनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं। गिरफ्तार किए गए ठग लग्जरी होटलों में रूम बुक करने के नाम पर अनजान लोगों से ठगी करते थे।
कामां थाना प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय साइबर पोर्टल से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि कामां थाना क्षेत्र के गांव नंदेरा-पालड़ी रोड पर खूनी नहर की पुलिया पर कुछ युवक साइबर ठगी में लिप्त हैं।
इस सूचना पर सी हरचरण के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर घेराबंदी की।
मौके पर पहुंचने पर 8 युवक गिरोह बनाकर मोबाइल से ठगी करते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने इनमें से छह साइबर ठगों को दबोच लिया, जबकि दो भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार किए गए साइबर ठगों में पालड़ी निवासी दो सगे भाई आमीन (पुत्र रफीक) और नोइम (पुत्र रफीक) शामिल हैं। इनके अलावा, रूपनगर नाटौली निवासी अमजद खान (पुत्र शमशेर मेव) और कामां कस्बे के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी शकील (पुत्र इज्जत मेव) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया।
पुलिस ने ठगों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड जब्त किए। पुलिस कार्रवाई के दौरान भागने वाले ठगों की पहचान नंदेरा बास निवासी इन्जुल (पुत्र मुब्बा मेव) और लेवडा निवासी जावेद (पुत्र हबीबुल्ला मेव) के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार साइबर ठग व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर भोले-भाले लोगों को सेक्स एक्सटॉर्शन संबंधी अश्लील वीडियो के जरिए अपने जाल में फंसाते थे।
वे वीडियो डिलीट करने के नाम पर अपने फर्जी खातों में राशि डलवाकर ठगी करते थे। इसके अतिरिक्त, वे फाइव स्टार होटलों में सस्ती दरों पर रूम बुक कराने का झांसा देकर भी लोगों को ठगा करते थे।


