अन्नदाता का हित सर्वोच्च प्राथमिकता, रबी फसलों के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें - जवाहर सिंह बेढ़म
एक्शन मोड' में दिखे मंत्री बेढ़म; विद्युत अधिकारियों की आपात बैठक में दो टूक बिजली चोरों पर पुलिस के साथ मिलकर करें कार्रवाई
डीग (नीरज जैन)। अन्नदाता का हित हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है इसलिए अधिकारी रबी की फसलो की सिंचाई के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करे यह बात रबी की फसल की सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को हो रही बिजली की समस्या को गंभीरता से लेते हुए गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कही। उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।
नगर विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में व्यवधान की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मंत्री बेढम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों की 'आपात समीक्षा बैठक' बुलाई और स्पष्ट कर दिया कि "विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मौजूद विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता बी.एल. वर्मा सहित अन्य अधिकारियों को निर्देशित करते हुए बेढम ने कहा कियह समय किसान के लिए 'गोल्डन पीरियड' है। आगामी फसलों में किसान को मुनाफा तभी होगा जब उसे समय पर पानी मिलेगा। इसलिए, यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए तय ब्लॉक में 'निर्बाध' (बिना ट्रिपिंग के) बिजली मिले। तकनीकी खामियों को युद्ध स्तर पर सुधारा जाए।
क्षेत्र में ओवरलोडिंग और बार-बार ट्रिपिंग की मुख्य वजह बिजली चोरी को बताते हुए गृह राज्य मंत्री बेढम ने सख़्ती अपनाई।उन्होंने निर्देश दिए कि आप सघन अभियान चला कर क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे ट्रांसफार्मरों और अवैध कनेक्शनों को तुरंत चिन्हित कर जब्त करे।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने दो टूक शब्दों में कहा कि बिजली चोरी करने वाले रसूखदारों को बख्शा न जाए। जो भी सिस्टम को नुकसान पहुंचा रहा है, उस पर सख्त कार्रवाई हो।
विद्युत कर्मियों द्वारा कार्रवाई के दौरान सुरक्षा की चिंता जताने पर, गृह राज्य मंत्री बेढम ने अपनी त्वरित कार्यशैली का परिचय दिया। उन्होंने बैठक के बीच से ही जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीणा को दूरभाष पर निर्देशित किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान में विद्युत विभाग की टीमों को पर्याप्त पुलिस जाब्ता मुहैया कराया जाए।
गृह राज्य मंत्री बेढम ने कहा बिजली विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से टीम बनकर काम करें। सरकारी काम में बाधा डालने वाले और बिजली चोरों पर कानूनी कार्रवाई हो, ताकि ईमानदार किसान को उसका हक मिल सके।