राज डागुर ने भारतीय तटरक्षक सेवा में असिस्टेंट कमांडेंट पद पर चयन
हलैना (विष्णु मित्तल) हलैना क्षेत्र के गांव धरसोनी के निवासी राज सिंह डागुर ने भारतीय तटरक्षक सेवा में असिस्टेंट कमांडेंट पद पर चयन हुआ है। जिन्होंने पहले ही प्रयास में हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक प्रथम प्राप्त की। राज सिंह डागुर ने भरतपुर जिले और क्षेत्र का नाम पूरे रोशन किया है। राज डागुर, चिकसाना थाना पर तैनात कॉन्स्टेबल हरगोपाल सिंह के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा उनके पैतृक गांव धरसोनी में हुई। देशसेवा का संकल्प लेकर उन्होंने डिफेंस क्षेत्र में जाने का लक्ष्य बचपन से ही तय कर लिया था। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्होंने जयपुर में रहकर लगन और मेहनत के साथ तैयारी की। उनका संघर्ष, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति रंग लाई, और उन्होंने भारतीय तटरक्षक जैसे प्रतिष्ठित बल में शीर्ष स्थान हासिल कर नई मिसाल कायम की। चयन के बाद राज डागुर ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बहन और गुरुओं को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के संस्कार और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। राज की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।