नगर पालिका बयाना की ईओ अनिता कुमारी निलंबित,नगर पालिका से जुड़े प्रकरण में विभागीय जांच प्रस्तावित, स्वायत्त शासन विभाग ने जारी किए आदेश
बयाना (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए नगर पालिका बयाना की अधिशाषी अधिकारी (ईओ) अनिता कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग द्वारा अचानक की गई इस कार्रवाई के बाद से स्थानीय प्रशासनिक हलकों और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
- अनुशासनात्मक कार्रवाई के चलते लिया निर्णय
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नगर पालिका बयाना से संबंधित एक गंभीर प्रकरण में ईओ अनिता कुमारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित है। इसी के चलते सरकार ने उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया।
स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक प्रतीक चन्द्रशेखर द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में बताया गया है कि यह कार्रवाई राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए की गई है।
- जयपुर रहेगा मुख्यालय, बयाना पालिका देगी जीवन निर्वाह भत्ता
जारी आदेश के मुताबिक, निलंबन की इस पूरी अवधि के दौरान अनिता कुमारी का मुख्यालय स्थानीय निकाय विभाग निदेशालय, जयपुर तय किया गया है। उन्हें मुख्यालय बदलने या बिना अनुमति क्षेत्र छोड़ने की पाबंदी रहेगी। वहीं, निलंबन काल के दौरान उन्हें नियमानुसार देय जीवन निर्वाह भत्ते का भुगतान नगर पालिका बयाना द्वारा ही किया जाएगा।
- उच्चाधिकारियों को भेजी आदेश की प्रति
विभाग ने इस निलंबन आदेश की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर भरतपुर, उप निदेशक (क्षेत्रीय) स्थानीय निकाय विभाग भरतपुर और नगर पालिका बयाना सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व त्वरित कार्रवाई हेतु भिजवा दी है। फिलहाल इस मामले को लेकर बयाना क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…- भरतपुर: बयाना नगर पालिका की बैठक में हाईवोल्टेज ड्रामा, विधायक से भिड़ीं EO, बोलीं- 'तूने कैसे बोला, वो मेरी फैमिली है'


