श्री चारभुजा नाथ के 468वें प्रकट उत्सव महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, पोस्टर का किया विमोचन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। श्री चारभुजा नाथ के 468वें प्रकट उत्सव महोत्सव को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। महोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और इसी कड़ी में बुधवार को कार्यक्रम के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मंदिर से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर प्रांगण जय श्री चारभुजा नाथ के जयकारों से गूंज उठा। महेश पुजारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष प्रकट उत्सव महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, भजन-कीर्तन, महाआरती एवं प्रसादी वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुजारी मुन्नालाल दाधीच ने बताया की 468 वां प्राक्टयोत्सव 19 जनवरी से 25 जनवरी तक आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक आयोजन पूजा, अभिषेक के साथ रामकथा एवं ज्ञान यज्ञ का आयोजन होगा जिसमें सुप्रसिद्ध कथा वाचिका पूज्या देवी दीक्षा सरकार श्री धाम वृन्दावन द्वारा कथा का रसपान कराया जायेगा।
पुजारियों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। पोस्टर विमोचन के साथ ही महोत्सव के प्रचार-प्रसार में भी तेजी आ गई है। क्षेत्र में भक्तों के बीच प्रकट उत्सव को लेकर खासा उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। इस अवसर पर राजेंद्र व्यास, रूपचंद सोनी, अशोक व्यास सहित अन्य भक्त मौजूद रहे।

