बड़ौदामेव में नगरपालिका का अभियान: पॉलिथीन उपयोग पर सख्त कार्रवाई, दुकानदारों से 40 किलो पॉलिथीन जब्त
अलवर जिले के बड़ौदामेव कस्बे को प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण प्रदूषण रोकने के लिए नगरपालिका बड़ौदामेव ने शुक्रवार को एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान प्रशासन ने कस्बे के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की।
40 किलो पॉलिथीन बरामद
नगरपालिका ईओ रेखा गुर्जर और कनिष्ठ अभियंता (JEN) कृपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने कस्बे के मुख्य बाजारों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न दुकानों से लगभग 40 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद की गई। प्रशासन ने भविष्य में प्लास्टिक का उपयोग न करने की सख्त चेतावनी दी।
ईओ ने दिलाई शपथ
जब्ती के साथ-साथ जागरूकता पर भी जोर दिया गया। ईओ रेखा गुर्जर ने उपस्थित व्यापारियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए पॉलीथिन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि यह मवेशियों और ड्रेनेज सिस्टम के लिए भी गंभीर खतरा है।
इस अभियान में नगरपालिका से सफाई निरीक्षक मोहर सिंह मीणा, एसबीएम एमआईएस मैनेजर योगेंद्र कुमार बैरवा सहित समस्त स्टाफ शामिल रहा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ौदामेव थाने से हाकम सिंह गुर्जर, हरिराम मीणा और अन्य पुलिसकर्मी भी जाप्ते के साथ तैनात थे।