'मनरेगा बचाओ संग्राम': भरतपुर सांसद संजना जाटव के नेतृत्व में कठूमर में कांग्रेस का हल्ला बोल
नाम बदलने और नए नियमों के विरोध में कार्यकर्ताओं ने रखा उपवास, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कठूमर (दिनेश लेखी)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 'मनरेगा बचाओ संग्राम' कार्यक्रम के तहत सोमवार को कठूमर उपखंड मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। भरतपुर सांसद संजना जाटव के नेतृत्व में आयोजित इस एक दिवसीय उपवास और धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
नाम परिवर्तन को बताया महात्मा गांधी का अपमान धरने को संबोधित करते हुए सांसद संजना जाटव ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना का नाम बदलकर 'वीबीजीराम जी' करना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के योगदान को कमतर करने की कोशिश है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सांसद ने आरोप लगाया कि योजना में लाए जा रहे नए कानून मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं और कांग्रेस मांग करती है कि योजना का स्वरूप और नाम पूर्ववत रखा जाए।
गरीबों के अधिकारों पर हमला है बदलाव धरने के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने एक स्वर में कहा कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं है, बल्कि यह करोड़ों गरीब और ग्रामीण परिवारों के लिए 'काम के अधिकार' का सशक्त आधार है। वक्ताओं ने कहा कि इस योजना को कमजोर करना सीधे तौर पर आम जनता और मजदूरों के अधिकारों पर हमला है।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी उपवास और धरने के दौरान पीसीसी सदस्य पिंकू शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष हरकिशन मीना मैनेजर, अरविंद अवस्थी, युवा कांग्रेस नेता सोमेश्वर चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। सभी ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि मजदूरों के हितों के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रशासन को जताया विरोध पूरा धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर बुलंद आवाज उठाई। इस अवसर पर कठूमर शहर अध्यक्ष अजय जाटव, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद बंसल,पिंकू शर्मा, भूपेंद्र मैंथना, रोहताश नरूका, धर्मपाल नंगली, हरवीर यादव, सुखचंद फौजी, रामवीर साहडी, कुलदीप चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

