भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जल संसाधन एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभागों की बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने तथा आम जन से जुड़े पेयजल, विद्युत, सड़क एवं चिकित्सा सुविधाओं संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये।
जिला प्रभारी मंत्री सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों एवं आमजन को प्रदान की जा रही सुविधाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विभाग कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्वता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन के बिजली, पानी, सड़क एवं चिकित्सा संबंधी समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान रात्रि के समय सर्दी के मौसम में खेतों में सिंचाई के लिए जाते हैं, उन्हें निर्बाध रूप से विद्युत सप्लाई मिले। उन्होंने विद्युत तंत्र में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाते हुए फीडर रिनोवेशन कार्य एवं नवीन जीएसएस से गांव को जोड़ने के कार्य को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद कर पीएम कुसुम योजना के तहत आम नागरिकों को घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने तथा किसानों को सौर उर्जा से ट्यूवैल चलाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
सडकों के निर्माण में रखें गुणवत्ता
उन्होंने कहा कि जिले में कराये जा रहे विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सडकों के चौडाईकरण, पेयजल लाईन डालने, विद्युत सब स्टेषन निर्माण जैसे कार्यों के क्रियान्वयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों का सुझाव लेने के निर्देश दिये। उन्होंने सडकों के कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता की पालना करते हुये गारन्टी समय की सडकों की मरम्मत संबंधित संवेदक से समय पर कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाये, संवेदक को पाबन्द करें अन्यथा अभियंताओं की जिम्मेदारी तय होगी।
शहर में गंदे पेयजल सप्लाई पर होगी कार्यवाही
जिला प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित पेयजल योजनाओं की चर्चा करते हुये कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अधूरे पडे पाईप लाइनों के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करायें जिससे आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने शहर में गंदे पेयजल की सप्लाई की समस्या के स्थाई निराकरण के लिये शहर में चल रहे विकास कार्यों की एजेन्सियों से समन्वय कर क्षतिग्रस्त पाईप लाईन शीघ्र ठीक करवाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शहर में पानी सप्लाई के समय का प्रचार प्रसार किया जाये, स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की सूचना दी जाये। जल जीवन मिशन के तहत करवाए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने पेयजल पाइप लाईनों के कार्य को पूर्ण होने के पश्चात क्षतिग्रस्त सडकों की मरम्मत समय पर करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि आमजन से जुडे कार्यों में देरी अथवा लापरवाही पाये जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने सरकार की मंशा के अनुरूप सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के लिये जिला प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया।
इस अवसर पर आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, आयुक्त निगम श्रवण विष्नोई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, गिरधारी तिवारी, सत्येन्द्र गोयल, मनोज भारद्वाज, शैलेष कौशिक, गिरधारी गुप्ता, भगवानदास शर्मा, पूर्व प्रधान रविन्द्र जैन, धर्मसिंह सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---00---