कठूमर में श्रीमद्भागवत कथा हुई संपन्न, हवन-यज्ञ के बाद अटूट चलाया भंडारा
कठूमर (दिनेश लेखी) कस्बे के द्वारका मैरिज होम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का बुधवार को हवन, ज्ञान महायज्ञ एवं विशाल भंडारे के साथ भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भंडारे में सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की, जो देर शाम तक अनवरत चलती रही।
आयोजन समिति के सदस्य दीपक दुसाद व हेमंत दुसाद ने बताया कि कथा सप्ताह के दौरान मेहंदीपुर बालाजी से पधारे प्रसिद्ध कथा वाचक अशोक शास्त्री ने अपने ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा के अंतिम दिन उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सात दिन तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होता है, वे क्षेत्र धन्य हो जाते हैं और वहां भगवान की विशेष कृपा बनी रहती है।
कथा वाचक अशोक शास्त्री ने श्रद्धालुओं से ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे मनुष्य के पापों का नाश होता है और जीवन में सकारात्मकता आती है। उन्होंने प्रभु भक्ति के मार्ग पर चलने व भगवान द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करने का संदेश दिया, जिसे सुनकर श्रोता भक्ति रस में डूब गए।
समापन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में सहयोग प्रदान करने वाले श्रद्धालुओं में शेर सिंह मीणा, हंसा चौधरी, सोम चौधरी, रिंकू चौधरी, डॉ. ओमप्रकाश महुआ वाले, सीप्पी सोनी, हरिओम फॉरेस्टर, प्रमोद खंडेलवाल, लक्ष्मण प्रसाद, दीपक दुसाद, हेमंत दुसाद, सोनू खंडेलवाल, कन्नू खंडेलवाल सहित अनेक नागरिकों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।