खेल व शिक्षा क्षेत्र की प्रतिभाएं सम्मानित; शिक्षा ही विश्व की सबसे बड़ी ताकत – दलवीर सिंह
उच्चैन (विष्णु मित्तल )पीएम श्री शहीद रामबाबू रा० उ० मा० वि० एवं एसडीएमसी की ओर से कस्बा उच्चैन स्थित पीएम श्री शहीद रामबाबू रा० उ० मा० वि० पर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक दलबीर सिंह की अध्यक्षता एवं प० स० प्रधान रामावतार दयौपुरा के मुख्य आतिथ्य तथा जिला परिषद सदस्य दुर्गेश बूँटो लिया, पंचायत समिति सदस्य दिनेश भातरा, महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के प्रोफेसर तोरन सिंह, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सुनील गुप्ता, डॉ. चन्द्रलोचन तिवाड़ी के विशिष्ट आतिथ्य में खेल समारोह तथा वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
जिसमें खेल, शिक्षा, सामाजिक, पर्यावरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य आदि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य तथा वर्ष 2025 में मा० शि० बोर्ड की कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं सहित भामाशाह, समाजसेवी एवं शिक्षा जगत में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संयुक्त निदेशक दलबीर सिंह ने कहा कि "शिक्षा ही विश्व की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके पास शिक्षा का ज्ञान है और हाथ का हुनर है, वह दुनिया में कभी भूखा नहीं सो सकता।" उन्होंने कहा कि देश, समाज एवं परिवार के विकास तथा उत्थान के लिए शिक्षा को महत्त्व देना होगा और बच्चों को पढ़ाने पर ध्यान देना होगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य युधिष्ठिर सिंह ने विद्यालय का प्रतिवेदन पढ़ते हुए कहा कि राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर पर खेलकूद, शिक्षा, कोरोना (सामाजिक), स्वास्थ्य, स्वच्छता आदि में पहचान कायम करने वाले 75 बच्चे, 15 समाजसेवी व भामाशाह और स्कूल के 10 उत्कृष्ट गुरुजन सम्मानित किए गए। स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति, सामाजिक व धार्मिक पर आधारित कविता, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य आदि की प्रस्तुतियां दीं।
उन्होंने बताया कि उच्चैन उपखण्ड क्षेत्र में शिक्षा एवं भवन विकास में सेवानिवृत्त शिवचन्द कमलेश मित्तल का विशेष योगदान है, जिन्होंने विद्यालय के प्ले स्कूल के बच्चों को बैग, पाठ्य सामग्री आदि उपलब्ध कराए। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य गुलाब चंद सिंघल एवं जगवीर सिंह ने किया।