खोहरा ठाकरान में शॉर्ट सर्किट से गरीब परिवार का घर जलकर राख, प्रशासन से मुआवजा और पुनर्वास की मांग
मुंडावर (देवराज मीणा) खैरथल–तिजारा जिले के कोटकासिम उपखंड अंतर्गत ग्राम खोहरा ठाकरान में बीती रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी को राख में बदल दिया। आग की चपेट में आकर कच्चे मकान में रखा घरेलू सामान, बिस्तर, कपड़े, अलमारी सहित रोज़मर्रा की जरूरत का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। इस हादसे ने पीड़ित परिवार को एक ही रात में बेघर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग जगवीर सिंह पुत्र बहादुर सिंह शेखावत के मकान में अचानक लगी और कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। परिवार के सदस्यों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान भारी बताया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और फिलहाल खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत तिगांवा के सरपंच संदीप तंवर तथा पूर्व सरपंच शेर सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने तथा सरकारी आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शॉर्ट सर्किट से हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए तथा रहने और भोजन की अस्थायी व्यवस्था की जाए। गांव में इस घटना को लेकर गहरी संवेदना है और ग्रामीण एक स्वर में गरीब परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

