मेहंदीपुर बालाजी मे श्रीराम मंदिर वृद्धाश्रम में वृद्ध जनों का होली मिलन समारोह संपन्न; 'पंच परिवर्तन' का दिया संदेश'
दौसा (अवधेश अवस्थी) मेहंदीपुर बालाजी के थाने के पास स्थित यूथ रूलर डेवलपमेंट ट्रस्ट द्वारा संचालित श्रीराम मंदिर वृद्धाश्रम मेहंदीपुर बालाजी में गुरुवार को वृद्ध जनों के साथ होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सक्षम राजस्थान के संगठन मंत्री कमल कुमार, मुख्य वक्ता मोहन सिंह, मोहन लाल शर्मा, महेश सहारिया व आश्रम अध्यक्ष कृष्ण बल्लभ शर्मा के साथ अतिथियों द्वारा श्री मेंहदीपुर बालाजी जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मोहन सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 'पंच परिवर्तन' अभियान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा आज हमारा समाज जिस दिशा में जा रहा है, वहां परिवारों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है; पहले जहाँ परिवारों में चार-चार बच्चे हुआ करते थे, वह अब सिमटकर केवल दो बच्चों तक रह गए हैं। जिससे चाचा चाची ताई बुआ फुफा जैसे कई रिश्तों का अस्तित्व खत्म हो रहा हैं। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक को एक गंभीर समस्या बताया, वर्षा जल संचयन, प्राचीन बावड़ियों व तालाबों के जीर्णोद्धार पर बल दिया।
ब्रह्माकुमारी अनीता दीदी ने कहा कि बीती सो बात गई। होली का असली आनंद तभी है जब हम मन में दबी पुरानी शिकायतों, ईर्ष्या और नफरत की धूल को साफ कर दें। यह पर्व हृदय की सफाई का अवसर है ताकि रिश्तों में फिर से मिठास घुल सके।
मंच संचालन समाजसेवी सुनील सिंघल व विधि गोयल ने किया। समाजसेवी सुनील सिंघल ने अपने उद्बोधन में कहा की बुजुर्गों के एकाकी जीवन में खुशियों के रंग भरकर, श्रीराम मंदिर वृद्धाश्रम मानवता की सच्ची सेवा कर रहा है।अपनों से दूर हुए प्रभुजनों को सत्कार और सम्मान देना ही ईश्वर की असली भक्ति है, जो इस आश्रम के कण-कण में दिखती है।
कार्यक्रम में आदर्श विद्या मंदिर मेहंदीपुर बालाजी के भैया बहनों द्वारा सजीव झांकियो व मनमोहन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी अतिथियों वृद्धजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह के मुख्य अतिथि दिव्यांग सेवार्थ समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम राजस्थान के संगठन मंत्री कमल कुमार ने कहा कि बदलते दौर में रिश्तों की अहमियत को बचाना और प्रकृति का सम्मान करना ही वास्तविक उत्सव है। सभी को सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि गौ पुत्र अवधेश अवस्थी ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा के उद्देश्यों को लेकर यूथ रूलर डेवलपमेंट ट्रस्ट द्वारा संचालित श्रीराम मंदिर वृद्धाश्रम मेहंदीपुर बालाजी में निवास कर रहे वृद्ध जनों की जो सेवा कार्य संस्था द्वारा किया जा रहा है वह काबिले तारीफ है वृद्ध जनों की सेवा का अवसर ईश्वरीय कृपा के बिना हमें प्राप्त नहीं हो सकता सेवा कार्य में जुड़े सभी लोग भाग्यशाली हैं ।
वृद्ध आश्रम में रह रहे वृद्धजनों द्वारा अपने अनुभव साझा करते हुए आश्रम की सेवाओं की सराहना की। सभी प्रभुजनों ने अतिथियों के साथ मिलकर होली के गीतों पर नाचते गाते झूमते हुए एक दूसरे पर पुष्प वर्षा करते हुए होली की खुशियाँ साझा कीं। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ
कार्यक्रम में समाजसेवी लाखन सिंह उदयपुरा,अग्रवाल समाज कोषाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल, बालाजी गेस्ट हाउस के मैनेजर यादराम तिवाड़ी,हरि मीणा, विष्णु , गौ पुत्र अवधेश अवस्थी नेमीचंद अग्रवाल खेड़ली वाले महेश भनकपुरा वाले, सहित क्षेत्र के अनेक समाजसेवी गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।