बावड़ी: पंचायती राज चुनाव को लेकर खेड़ापा पुलिस अलर्ट, क्षेत्र के दर्जनों गांवों में निकाला फ्लैग मार्च
बावड़ी (जोधपुर) / मिश्रीलाल लखारा: आगामी पंचायती राज चुनावों को शांतिपूर्ण, भयमुक्त और पूरी तरह निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से खेड़ापा थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में और वृत्ताधिकारी (CO) गुलाबाराम के नेतृत्व में खेड़ापा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में एक प्रभावी फ्लैग मार्च निकाला गया।
इन प्रमुख गांवों और क्षेत्रों में गूंजा सुरक्षा का संदेश थानाधिकारी लाखाराम जाखड़ के साथ भारी पुलिस जाब्ते ने खेड़ापा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोयला, बावड़ी, खेड़ापा, धनारी कलां, कजनाऊ, लवेरा कलां, चांदरख, हतुड़ी, बासनी डावरा, बारा कलां और बारा खुर्द सहित कई प्रमुख गांवों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने जगह-जगह मार्च निकालकर आमजन में सुरक्षा का पुख्ता विश्वास कायम किया।
निष्पक्ष चुनाव कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आसूचना अधिकारी महिपाल ग्वाला ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। इस फ्लैग मार्च के माध्यम से मतदाताओं को यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि वे बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। पुलिस प्रशासन असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखे हुए है ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।

