तखतगढ़ में 7 से 14 अक्टूबर तक चला विशेष शिविर: 69ए पट्टे, पेंशन, पीएम स्वनिधि और जन आधार से जुड़े कार्यों का मौके पर हुआ समाधान
तखतगढ़ (पाली) बरकत खां : राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका तखतगढ़ द्वारा संचालित ‘सेवा सेतु अभियान 2026’ का सफलता पूर्वक समापन हो गया। 7 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान पालिका प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए कुल 284 जनसमस्याओं व प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को सीधी राहत प्रदान की।
अध्यक्ष व ईओ के निर्देशन में आयोजित हुआ शिविर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती जयश्री नामा तथा अधिशासी अधिकारी (EO) महेंद्र कुमार बंजारा के निर्देशन में यह शिविर वार्ड संख्या 01 से 25 के निवासियों के लिए आयोजित किया गया था। अभियान के दौरान स्वच्छता सेवा पखवाड़े के तहत सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया तथा मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु डीडीटी पाउडर का छिड़काव किया गया।
इन प्रमुख योजनाओं व कार्यों का हुआ निस्तारण अभियान अवधि के दौरान प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न विभागों व योजनाओं के निम्नलिखित प्रकरणों का समाधान किया गया:
-
69ए एवं 90ए पट्टा प्रकरण: 69ए के तहत प्राप्त 9 में से 4 तथा 90ए के तहत 5 में से 3 आवेदनों का निस्तारण किया गया।
-
पंजीयन एवं संशोधन (50 प्रकरण): जन्म प्रमाण पत्र के 12, मृत्यु प्रमाण पत्र के 06, विवाह पंजीयन के 07 तथा जन्म प्रमाण पत्र संशोधन के 25 प्रकरण निस्तारित किए गए।
-
नाम हस्तांतरण: प्राप्त 12 आवेदनों में से 09 प्रकरणों का समाधान हुआ।
-
पीएम स्वनिधि योजना: प्रथम किस्त (₹15,000) के 9 तथा द्वितीय किस्त (₹25,000) के 3 आवेदनों का निस्तारण किया गया।
-
पीएम आवास योजना: तृतीय किस्त (₹1,00,000) के 15 लाभार्थी तथा द्वितीय किस्त (₹50,000) के 12 लाभार्थियों के प्रकरण स्वीकृत/निस्तारित किए गए।
-
नागरिक व निकाय सेवाएं: स्ट्रीट लाइट मरम्मत से जुड़ी 28 शिकायतें, सफाई संबंधी 32 शिकायतें, जन आधार संशोधन के 43 प्रकरण, बिजली NOC के 15, निकाय चुनाव 2026 की अमानत राशि के 55 आवेदन, ऊर्जा विभाग से जुड़े 15 प्रकरण तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन वार्षिक सत्यापन के 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शहर के सौंदर्यकरण और सुरक्षा पर भी रहा जोर शिविर के दौरान शहरी निकायों में स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने, जन व महिला सुरक्षा, क्षतिग्रस्त नालियों, फेरो-कवर व मैनहोल की मरम्मत करने तथा आवारा पशुओं को पकड़ने का कार्य भी मुस्तैदी से किया गया। शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए नागरिकों के बीच प्रचार-प्रसार भी किया गया।
इस अवसर पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी रतनलाल सांखला, कनिष्ठ सहायक गोपाराम चौहान, कनिष्ठ सहायक चंद्रवीर सिंह सहित स्थानीय पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

