तखतगढ़ पालिका: पेयजल समस्या समाधान, नई पाइपलाइन, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत और स्पीड ब्रेकर लगाने की उठी मांग
तखतगढ़ (पाली) बरकत खां : नगर पालिका तखतगढ़ के वार्ड संख्या 16 एवं 19 में व्याप्त जनसमस्याओं के समाधान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर स्थानीय पार्षद अनराज मेवाड़ा तथा पार्षद सरोज मेवाड़ा ने अधिशासी अधिकारी (EO) को पत्र भेजा है। पार्षदों ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में रखी गईं ये प्रमुख मांगें पार्षदों ने अपने पत्र के माध्यम से दोनों वार्डों के आमजन को आ रही व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराते हुए मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई हैं:
-
पेयजल और पाइपलाइन: गोगरा रोड स्थित कुएं से जुड़ी जर्जर व पुरानी पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन बिछाई जाए तथा वार्डों में गहराते पेयजल संकट के स्थायी समाधान हेतु नए ट्यूबवेल स्वीकृत करवाए जाएं।
-
नाली मरम्मत व सफाई: वार्ड संख्या 19 में जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी नालियों की अविलंब मरम्मत कराई जाए ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।
-
बुजुर्गों के लिए सुविधाएं: वार्डों में बुजुर्गों के बैठने और विश्राम के लिए उचित सार्वजनिक स्थानों पर पक्की/धातु की बेंचें लगवाई जाएं।
-
यातायात सुरक्षा: दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए वार्ड संख्या 16 एवं 19 के आवश्यक व व्यस्त मार्गों पर प्लास्टिक स्पीड ब्रेकर लगवाए जाएं।
बुनियादी सुविधाओं में सुधार से मिलेगी बड़ी राहत पार्षद अनराज मेवाड़ा और सरोज मेवाड़ा ने कहा कि इन बुनियादी कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र के निवासियों को दैनिक समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने पालिका प्रशासन से जनसुविधाओं से जुड़े इन मुद्दों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति जारी करने की मांग की है।

