जयपुर में बेकाबू रोडवेज बस का कहर: कार, स्कूटी और बाइक को मारी टक्कर; मां की मौत, बेटा घायल
जयपुर / राजस्थान
शहर के मुरलीपुरा थाना इलाके में सीकर रोड पर खेतान चौराहे के पास बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे एक बेकाबू रोडवेज बस ने सड़क पर कोहराम मचा दिया। तेज रफ्तार बस ने दो कारों, एक स्कूटी और एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में बाइक पर बेटे के साथ जा रही एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
कार को मारी टक्कर, फिर चपेट में आए अन्य वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, खेतान चौराहे के पास कट पर कुछ वाहन खड़े थे। इसी दौरान श्रीमाधोपुर से जयपुर आ रही एक रोडवेज बस ने आगे चल रही नीली कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक नियंत्रण खो बैठा और कार पास ही खड़ी एक बाइक से जा टकराई।
इस बाइक पर मुरलीपुरा की भगत की ढाणी निवासी तुलसी देवी (49) अपने बेटे धीरेंद्र सैनी के साथ विद्याधर नगर से अपने घर लौट रही थीं। टक्कर से दोनों मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े, और तुलसी देवी के ऊपर से कार का पहिया निकल गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। धीरेंद्र को भी चोटें आईं।
बस के पहिए के नीचे फंसी स्कूटी
अनियंत्रित बस यहीं नहीं रुकी; उसने एक अन्य स्कूटी और एक और कार को भी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बस के अगले पहिए के नीचे फंस गई। इस हादसे में स्कूटी सवार महेश चौधरी के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए तुलसी देवी, धीरेंद्र और महेश चौधरी को कांवटिया हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल तुलसी देवी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मृतका का बेटा धीरेंद्र विश्वकर्मा में अपने पिता सूरजमल सैनी के साथ बक्से-अलमारी बनाकर बेचने का काम करता है।
ड्राइवर गिरफ्तार, बस के 13 चालान पेंडिंग
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस ड्राइवर राकेश कुमार (30) (निवासी श्रीमाधोपुर) को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर बुधवार रात आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ड्राइवर राकेश ने हैरान करने वाला खुलासा करते हुए बताया कि "बस के ब्रेक के नीचे ईंट लगी थी, जिसका उसे पता नहीं था, इस वजह से बस में ब्रेक नहीं लग पाए।" पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों कारों, बाइक और स्कूटी को जब्त कर लिया है और मामले की तकनीकी व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गहनता से जांच की जा रही है। सामने आया है कि जिस रोडवेज बस से यह हादसा हुआ, उसके नाम पर ट्रैफिक नियमों के 13 चालान पहले से पेंडिंग हैं।

