हर तरफ दिखा देशभक्ति का जज़्बा: बिराई गांव में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, सामाजिक एकजुटता का दिया संदेश
बावड़ी (जोधपुर) | मिश्रीलाल लखारा
बावड़ी उपखंड के ऐतिहासिक बिराई गांव में 'अनंत श्री सुखराम जी ट्रस्ट राम धाम राम चौकी, बिराई' के तत्वावधान में एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' आह्वान से प्रेरित इस यात्रा में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संपूर्ण क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के अनूठे रंग में सराबोर कर दिया।
संतों के मार्गदर्शन में निकली यात्रा राम धाम राम चौकी बिराई के अष्टम महंत सतगुरु स्वामी श्री सुंदर दास जी महाराज के पावन निर्देशानुसार, संत श्री चरण दास जी के कुशल नेतृत्व में तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई। हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगे' और गगनभेदी देशभक्ति के नारों के साथ जब यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरी, तो हर कोई राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
मातृशक्ति और युवाओं का दिखा जबरदस्त उत्साह आयोजन की सबसे बड़ी खासियत युवाओं और मातृशक्ति की उल्लेखनीय और सक्रिय भागीदारी रही। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने देश की एकता, अखंडता और निस्वार्थ राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया।
ट्रस्ट की सामाजिक और राष्ट्रीय पहल ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि अनंत श्री सुखराम जी ट्रस्ट राम धाम राम चौकी बिराई का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाजसेवा और राष्ट्रसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देना है। इस भव्य तिरंगा यात्रा ने न केवल क्षेत्रवासियों में देशप्रेम का भाव जगाया, बल्कि सामाजिक सौहार्द और एकजुटता की मिसाल भी कायम की।

