लोन दिलाने के नाम पर जमीन अपने नाम कराने के मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
अलवर (राजस्थान) थानागाजी कस्बे में लोन दिलाने के नाम पर जमीन अपने नाम कराने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शीला देवी पत्नी किशनलाल सैनी निवासी लाला की ढाणी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पति को आरोपियों ने लोन दिलाने का झांसा देकर 6 नवंबर 2025 को तहसील कार्यालय ले जाकर धोखे से जमीन की रजिस्ट्री करवा ली।
आरोप है कि महेश चंद शर्मा और नूतन शर्मा ने साजिश कर पहले से तैयार दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए और जमीन अपनी पत्नी दीपमाला के नाम दर्ज करवा दी। पीड़ित पक्ष के अनुसार किशनलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है और वह दस्तावेजों की प्रकृति से अनभिज्ञ था। बाद में मोबाइल पर राशि प्राप्ति का संदेश आने पर जानकारी लेने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
प्रार्थीनी ने बताया कि जमीन की कीमत काफी अधिक है और बिना सहमति के रजिस्ट्री करवाई गई। आरोप है कि आरोपियों ने बैंक से पांच लाख रुपए का चेक भी स्वयं भरकर राशि निकाल ली। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के साथ पुलिस थाने के सामने धरना दिया था।
विधायक कांति प्रसाद मीना के नेतृत्व में ग्रामीण पीड़ित को लेकर शिव बगीची से थाने पहुंचे और करीब चार घंटे तक धरने पर बैठे रहे। इस दौरान थाना अधिकारी रामस्वरूप और पुलिस उपाधीक्षक इंदू लोधी ने आरोपियों के खिलाफ सात दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ था। देर रात पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।