विप्र फाउंडेशन द्वारा लोक अभियोजकों का भव्य सम्मान समारोह सम्पन्न
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) ब्राह्मण समाज के वैश्विक संगठन विप्र फाउंडेशन द्वारा समाज उत्थान की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाते हुए लोक अभियोजकों के सम्मान में कोटा रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विप्र फाउंडेशन जोन-1 के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व बार एसोसिएशन जयपुर अध्यक्ष एडवोकेट राजेश शर्मा कर्नल रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष राजेश शर्मा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम जी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिला महामंत्री डॉ. लोकेश तिवारी ने बताया कि विप्र फाउंडेशन पिछले 15 वर्षों से समाजहित में निरंतर सक्रिय रहते हुए विभिन्न रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन कर रहा है।
इस अवसर पर एडवोकेट अनुराग आचार्य, एडवोकेट अनिल शुक्ला तथा एडवोकेट दिनेश जोशी को लोक अभियोजक बनाए जाने पर मेवाड़ी पगड़ी एवं अपर्णा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एडवोकेट राजेश शर्मा कर्नल ने कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन अधिवक्ताओं के अधिकारों, न्यायसंगत परिवेश और सुविधाओं की रक्षा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि हर अधिवक्ता—नया हो या अनुभवी—समान अवसर और आधुनिक कार्य सुविधाओं का हकदार है। साथ ही उन्होंने बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के आगामी चुनाव में प्रथम वरीयता के उम्मीदवार के रूप में समर्थन की अपील भी की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. लोकेश तिवारी ने प्रभावी एवं सहज शैली में किया, जिससे समारोह पूरे समय जीवंत रहा। समापन पर संगठन के विधिक सलाहकार नीरज पराशर ने सभी आगंतुकों, अधिवक्ताओं, पदाधिकारियों एवं महिलाओं का आभार प्रकट किया। समारोह में विप्र फाउंडेशन के प्रदेश महामंत्री दिनेश शर्मा, जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा, संगठन के अन्य पदाधिकारी, अधिवक्तागण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और समाजजन उपस्थित रहे।