अजमेर रेंज की 27वीं खेलकूद प्रतियोगिता का भीलवाड़ा में भव्य शुभारंभ
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) राजस्थान पुलिस की रेंज स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत अजमेर रेंज की 27वीं खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ 28 मार्च 2026 को रिज़र्व पुलिस लाइन भीलवाड़ा में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच हुआ। जिला पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन एवं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, जयपुर के रूपिन्दर सिंह (IPS) ने टस्च फायर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि खेलकूद जीवन का महत्वपूर्ण अंग है, जो शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से व्यक्ति को मजबूत बनाता है। पुलिस जवानों के लिए खेल विशेष रूप से आवश्यक हैं, क्योंकि ये उनकी कार्यक्षमता, सहनशक्ति और मानसिक दृढ़ता को बढ़ाते हैं।
उद्घाटन समारोह में महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज राजेंद्र सिंह चौधरी (IPS), पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला, पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह, पुलिस अधीक्षक जीआरपी अजमेर लोकेश सोनवाल, जिला खेल अधिकारी भीलवाड़ा हेमेन्द्र सिंह राणावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पारसमल जैन सहित विभिन्न जिलों के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अजमेर रेंज के पीटीएस किशनगढ़, पीटीएस सिलोरा, जीआरपी अजमेर, टोंक, डीडवाना-कुचामन, ब्यावर, अजमेर, नागौर और भीलवाड़ा सहित अनेक टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में कुल 09 खेल—एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, जूडो/कुश्ती, वेट लिफ्टिंग, हैंडबॉल, कबड्डी, फुटबॉल और हॉकी शामिल हैं। खेल मुकाबलों का आयोजन रिज़र्व पुलिस लाइन भीलवाड़ा और सुशीला देवी माथुर कन्या महाविद्यालय के खेल मैदानों पर किया जा रहा है, जिसमें जिला खेल अधिकारी राणावत का सहयोग प्राप्त हो रहा है।
उद्घाटन समारोह में पुलिस के घुड़सवार दल ने अपने अनुशासन, कौशल और आकर्षक करतबों से उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के दौरान पुलिस जवान अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय देंगे