अवैध मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 101 किलो डोडा चूरा किया जप्त; आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना पुर व डीएसटी भीलवाड़ा ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए 101 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त हुण्डई वरना कार को भी जप्त किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम हुई सक्रिय
डीएसटी भीलवाड़ा के कांस्टेबल रमेश ने थाना पुर को सूचना दी कि एनएच-48 पर हमीरगढ़ से मांडल मार्ग पर एक संदिग्ध हुण्डई वरना कार (DL11 CB 4105) तेज गति से आकर हाथी भाटा आश्रम कट के पास डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी है। वाहन में मादक पदार्थ होने की आशंका जताई गई।
सूचना पर IPS प्रशिक्षु आयुष श्रोत्रिय, हाल कार्यवाहक एचएसओ थाना पुर, जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे और वाहन की तलाशी ली। तलाशी में प्लास्टिक कट्टों में भरा 101 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसके संबंध में कोई लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
आरोपी गिरफ्तार, वाहन जप्त
पुलिस ने मौके से आरोपी हरदेव सिंह पिता मानसिंह (उम्र 39) निवासी मुबारिकपुर, थाना नोगांवा, जिला अलवर को गिरफ्तार कर धारा 8/15 NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज किया। आगे की जांच जारी है।