जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार, अफवाहों से बचने की अपील
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने जानकारी दी कि भीलवाड़ा जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में फैली अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा पैनिक बुकिंग व अनावश्यक गैस सिलेंडर भंडारण किया जा रहा है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर बेवजह दबाव बन रहा है।
जिले में एलपीजी की जरूरत से अधिक उपलब्धता
जिला रसद अधिकारी अमरेंद्र मिश्र के अनुसार घरेलू एलपीजी की दैनिक खपत लगभग 11 हजार सिलेंडर है, जबकि प्रतिदिन करीब 18 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। इसी के साथ प्रशासन ने गैस एजेंसियों को ओटीपी आधारित होम डिलीवरी लागू करने के निर्देश दिए हैं ताकि वितरण व्यवस्था पारदर्शी और सुचारू रहे। पूरी प्रक्रिया की प्रतिदिन मॉनिटरिंग और नियमित जांच की जा रही है।
कालाबाजारी पर कार्रवाई, अवैध सिलेंडर जब्त
जिला प्रशासन ने कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर सख्ती दिखाते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की और बड़ी मात्रा में अवैध सिलेंडर जब्त किए। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराना और अतिरिक्त शुल्क वसूली को रोकना है।
उपभोक्ताओं से संयम बरतने की अपील
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक भंडारण से बचें। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर गैस बुकिंग का प्रावधान है। इसलिए उपभोक्ता नियमानुसार ही बुकिंग करें ताकि आपूर्ति व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
स्थिति पर निरंतर निगरानी
जिला प्रशासन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और ऑयल कंपनियां एलपीजी, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी एवं पीएनजी से संबंधित सभी केंद्रों पर नियमों का पालन सुनिश्चित कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी।