हमीरगढ़ की रेखा परिहार बनीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
गुरला (भीलवाड़ा/ सत्यनारायण सेन)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार के तहत हमीरगढ़ नगर पालिका की निवर्तमान अध्यक्ष रेखा परिहार को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार रेखा परिहार को महिला मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जश्न का माहौल और आतिशबाजी
जैसे ही रेखा परिहार की नियुक्ति की सूचना क्षेत्र में पहुंची, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। हमीरगढ़ के मुख्य स्थलों पर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने इसे हमीरगढ़ क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।
संगठन के प्रति समर्पण का मिला फल
स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि रेखा परिहार लंबे समय से भाजपा की सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रही हैं। उनके संगठनात्मक कौशल और जनसेवा के प्रति लगाव को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूत होगा।
प्रदेश नेतृत्व का जताया आभार
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक छोटे से कस्बे की कार्यकर्ता को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण पद देना भाजपा की जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की नीति को दर्शाता है।
खुशी के इस मौके पर जगदीश वैष्णव, मनोज छिपा, अभिषेक व्यास, गणपत सिंह, भेरूलाल प्रजापत, चेतन सिंह, किशन सिंह, कैलाश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।