सुमेरपुर में कानून व्यवस्था को लेकर एक्शन मोड में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत: चोरी व नशाखोरी पर 'जीरो टॉलरेंस' के निर्देश
तखतगढ़ / सुमेरपुर (बरकत खा)
तखतगढ़-सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कड़ा रुख अपना लिया है। शनिवार को सुमेरपुर स्थित अपने आवास पर पुलिस अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेते हुए मंत्री कुमावत ने चोरी की वारदातों और युवाओं में फैल रही नशाखोरी पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा न जाए।
चोरी और मंदिरों की सुरक्षा पर विशेष फोकस:
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों (मंदिरों) और आमजन के घरों में होने वाली चोरी की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों को तुरंत चिह्नित किया जाए और उनकी धरपकड़ तेज की जाए ताकि क्षेत्र में आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें।
नशे के नेटवर्क पर कसा जाएगा शिकंजा:
युवा पीढ़ी को बर्बाद हो रहे नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए कुमावत ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
रात की गश्त और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी:
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए मंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों और मोहल्लों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने को कहा है। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और प्रवेश-निकास मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आमजन की शिकायत पर पुलिस को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।
लापरवाही बरतने पर तय होगी जिम्मेदारी:
मंत्री कुमावत ने दो टूक शब्दों में अधिकारियों से कहा कि जनता की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सुमेरपुर सीओ भवानी सिंह सहित सुमेरपुर, सांडेराव और तखतगढ़ के थानाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

