जोधपुर में अकीदत के साथ मनाया गया मुफ्ती अशफाक हुसैन नईमी का 13वां उर्स: सैयद कलीम अशरफी ने देश में अमन-चैन और भाईचारे की की दुआ
जोधपुर: हजरत अशफाक हुसैन नईमी का 13वां उर्स अकीदत के साथ संपन्न, देश में अमन-अमान के लिए उठी दुआएं
जोधपुर (बरकत खा)
राजस्थान के मुफ्ती-ए-आजम हजरत अशफाक हुसैन साहब नईमी का 13वां सालाना उर्स जोधपुर में पूरी अकीदत और रूहानी माहौल के साथ मनाया गया। इस दो दिवसीय उर्स के दौरान कुरानख्वानी, नातख्वानी और विशेष तकरीर का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आए हजारों अकीदतमंदों ने शिरकत कर मजार पर फूल और चादर पेश की।
अमन और भाईचारे का पैगाम:
उर्स के दौरान अपने संबोधन में मौलाना तोसिफ रज़ा मिस्बाही (सम्भल) ने कहा कि मुफ्ती अशफाक हुसैन साहब नईमी ने हमेशा समाज में अमन, अमान और भाईचारे के पैगाम को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने पूरे राजस्थान में दीनी तालीम को आम किया और समाज से बुराइयों के खात्मे के लिए आजीवन प्रयास किए। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के मिशन को आगे बढ़ाने की अपील की।
देश के लिए दुआ और विशेष उपस्थिति:
कार्यक्रम के अंत में हजरत सैयद कलीम अशरफी ने देश में अमन-अमान, तरक्की और भाईचारे के लिए विशेष दुआ कराई। साथ ही युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की नसीहत दी।
अल इस्हाकिया अल अशफाकिया ट्रस्ट के चेयरमैन हाजी मोइनुद्दीन अशरफी ने आए हुए सभी मेहमानों का शुक्रिया अदा किया। कार्यक्रम का संचालन मुफ्ती मौलाना फैयाज अहमद रिजवी ने किया। इस दौरान सैयद फैज मोहम्मद नक्शबंदी सुजा शरीफ, मुफ्ती मोहम्मद कासिम, मुफ्ती इस्हाक मेवाती सहित देश भर से आए कई उलेमा, मुरीद और उर्स कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

