तखतगढ़: ब्रह्माकुमारी संस्थान में नव निर्वाचित पार्षदों व पालिका अध्यक्ष का भव्य सम्मान
तखतगढ़(बरकत खा): प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिव्य प्रकाश भवन में एक गरिमामयी समारोह का आयोजन कर नव निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष जयश्री देवी नामा एवं सभी वार्ड पार्षदों का भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन करने के साथ-साथ उन्हें आध्यात्मिक शक्ति से जुड़कर जनसेवा करने की प्रेरणा दी गई।
जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प
समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष जयश्री देवी नामा ने नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने तखतगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए सभी से सहयोग, दुआ और आशीर्वाद की अपेक्षा जताई। वहीं, करुणा क्लब तखतगढ़ के अध्यक्ष मीठालाल जोशी ने शहर को पुनः 'आदर्श नगर' के रूप में स्थापित करने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया।
राज्य सत्ता और धर्म सत्ता के मिलन से होगा विकास
समारोह में सोजत से आई कविता दीदी ने कहा कि आज का दिन विशेष है, जब राज्य सत्ता और धर्म सत्ता का संगम हुआ है। दोनों जब मिलकर कार्य करेंगे तो नगर की प्रगति निश्चित है। उमा दीदी ने आध्यात्मिक विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और वास्तविक शक्ति पाने के लिए परमात्मा से संबंध जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। भावना बहन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इन जनप्रतिनिधियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पार्षद दारमी देवी सुथार, विमला बेन सैन, गीता बेन सोमपुरा, अटकी देवी, भरत सोनी, पेमाराम कुमावत, महेश रावल, गौतम जिगर सहित अन्य नव निर्वाचित पार्षदों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मनोहर सिंह, मोहन भाई मालवीया, मुकेश सुथार, पादरू से एकता बहन, सिवाना से नीता बहन सहित उम्मेदपुर, हरियाली, पादरली और कोसेलाव से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन 'ओम शांति' के पावन संदेश और ब्रह्मा भोजन के साथ हुआ।

