रामगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: मिलकपुर के जंगलों में दबिश देकर 2 अवैध भट्टियां तोड़ीं, 20 हजार लीटर वॉश नष्ट
रामगढ़: पुलिस ने मिलकपुर जंगल में की अवैध शराब के ठिकानों पर छापेमारी, 20 हजार लीटर वॉश किया गया जमींदोज
रामगढ़ / अलवर (राधेश्याम गेरा)
पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता लागू होने के साथ ही अलवर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत रामगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलकपुर गांव के जंगल में चल रहे अवैध हथकड़ शराब बनाने के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को देख भागे तस्कर, भट्टियां और वॉश नष्ट:
थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा ने विशेष टीम गठित कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस बल जब मिलकपुर गांव के जंगल में पहुंचा, तो वहां अवैध रूप से हथकड़ शराब तैयार करने के लिए बड़ी भट्टियां संचालित हो रही थीं। पुलिस को अपनी ओर आते देख मौके पर मौजूद तस्कर व शराब बनाने वाले लोग वहां से भागने में सफल रहे। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर लगी दो अवैध भट्टियों को तोड़ दिया और ड्रमों में भरकर रखी गई करीब 20 हजार लीटर वॉश को जमीन पर बहाकर नष्ट कर दिया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाली अन्य सामग्री भी जप्त कर नष्ट की गई।
पुलिस का अभियान रहेगा जारी:
थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। अवैध शराब, अवैध हथियारों और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधि संचालित हो रही है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

