तखतगढ़ क्षेत्र में बेखौफ चोर:चोरी की वारदात के 20 दिन बाद मुकदमा दर्ज,गहने व 70 हजार नकदी पार
तखतगढ़ (पाली)बरकत खा : तखतगढ़ थाना क्षेत्र के पिचावा गांव में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की घोर लापरवाही और उदासीनता सामने आई है। गांव में 13 सितंबर को हुई चोरी की वारदात का मुकदमा दर्ज कराने के लिए पीड़ित को 20 दिनों तक थाने के चक्कर काटने पड़े। पीड़ित की गुहार के बाद अब जाकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस द्वारा मुकदमे दर्ज करने में देरी करने पर सवाल उठने लगे हैं।
लाखों के सोने-चांदी के आभूषण व 70 हजार नकदी पार
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिचावा गांव निवासी धनाराम सीरवी के मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर पीड़िता की पुत्रवधू के सोने का मंगलसूत्र (45 ग्राम), सोने की ठूसी (45 ग्राम), सोने की अंगूठी (2.6 ग्राम) और 3 ग्राम अन्य सोने के आभूषण चुरा ले गए। इसके अलावा चोरों ने चांदी का कंदोरा (दो नग कुल 550 ग्राम), चांदी के तोड़े (70 ग्राम) और 70 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
20 दिन बाद चेती पुलिस, उठ रहे सवाल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया था, लेकिन पुलिस मामला दर्ज करने से टालमटोल करती रही। 20 दिनों तक पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में थाने की परिक्रमा करता रहा, तब जाकर अब एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तखतगढ़ क्षेत्र में चोरी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, लेकिन पुलिस आंकड़ों को दबाने के लिए मामले दर्ज करने से बचती नजर आ रही है। इतनी देरी से मुकदमा दर्ज होने के कारण साक्ष्य मिटने और चोरों को भागने का पूरा मौका मिल गया है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

