मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने देखी सायबर थाने की कार्यप्रणाली: हेल्पलाइन 1930 से लेकर शिकायतों के निस्तारण की ली जानकारी
भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय: भरतपुर के दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने सायबर थाना पहुंचकर सायबर अपराधों की रोकथाम, परिवादियों को मिलने वाली सहायता और अपराधियों पर की जा रही पुलिस कार्रवाई का गहन निरीक्षण किया।
पौधा भेंट कर किया स्वागत
सायबर थाना पहुंचने पर जिला कलक्टर कमर चौधरी, भरतपुर रेंज आईजी प्रीति चंद्रा और एसपी राजेश मीणा ने मुख्य सचिव वी श्रीनिवास का पौधा भेंट कर स्वागत-सम्मान किया।
थाने के कक्षों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखीं
औपचारिक स्वागत के बाद मुख्य सचिव ने सायबर थाने के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने थाने के प्रवेश द्वार पर मौजूद सूचना सहायक से बातचीत कर दूर-दराज से आने वाले परिवादियों को दी जाने वाली प्राथमिक सहायता और सहूलियतों के बारे में जानकारी ली।
हेल्पलाइन 1930 की कार्रवाई का लिया फीडबैक
इसके उपरांत मुख्य सचिव ने सायबर डेस्क का रुख किया, जहां उन्होंने डेस्क प्रभारी और सायबर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम से राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज होने वाली शिकायतों की प्राथमिक कार्रवाई, उनके निस्तारण की दर और अपराधियों की धरपकड़ की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सायबर अपराधों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

