दौसा में दो चरणों में बज चुनावी बिगुल: पंचायत समिति और सरपंच पदों के चुनाव कार्यक्रम का ऐलान, बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
दौसा जिले में पंचायतीराज चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी: द्वितीय और तृतीय चरण में होगा मतदान, गांवों में बढ़ी राजनीतिक हलचल
दौसा (अवधेश अवस्थी)
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही दौसा जिले में भी चुनावी सुगबुगाहट तेज हो गई है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, दौसा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मतदान दूसरे और तीसरे चरण में संपन्न कराए जाएंगे, जिससे ग्रामीण इलाकों में राजनीतिक सरगर्मियां अचानक परवान चढ़ गई हैं।
दूसरा चरण (मनोहरपुर खेड़ला, महवा, मंडावर, बांदीकुई, बसवा और बैजूपाड़ा):
दौसा जिले के पहले हिस्से के तहत आने वाले इन क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी। यहाँ जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 29 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि पंच व सरपंच पदों के लिए 31 अक्टूबर 2026 को वोट डाले जाएंगे और मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी।
तीसरा चरण (दौसा, लवाण, लालसोट, नांगल राजवातान, सिकंदरा, सिकराय, शिवसिंहपुरा और रामगढ़ पचवारा):
जिले के बाकी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तीसरे चरण के तहत चुनावी रण सजेगा। इन इलाकों में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए 4 नवंबर 2026 को मतदान होगा, वहीं पंच व सरपंच पद हेतु 6 नवंबर 2026 को जनता अपने मत का प्रयोग करेगी।
मतगणना और मुख्य पदों के चुनाव:
जिले की सभी पंचायत समितियों और जिला परिषद सदस्यों के मतों की एक साथ समेकित मतगणना आगामी 20 नवंबर 2026 को सुबह 8:00 बजे जिला मुख्यालय पर होगी। इसके पश्चात:
-
प्रधान का चुनाव: 25 नवंबर 2026
-
उप प्रधान का चुनाव: 26 नवंबर 2026
-
जिला प्रमुख का चुनाव: 27 नवंबर 2026
-
उप जिला प्रमुख का चुनाव: 28 नवंबर 2026 को संपन्न होगा।
चुनाव तिथियों के ऐलान के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों पर चुनावी चर्चाएँ शुरू हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों ने अपने जनसंपर्क तेज कर दिए हैं।

