डांगियावास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.130 किलो अवैध अफीम के दूध के साथ तस्कर गिरफ्तार
डांगियावास (बावड़ी/निसार गौरी) मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डांगियावास थाना पुलिस और क्राइम स्पेशल टीम (CST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.130 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद करने में सफलता हासिल की है।
थानाधिकारी राजूराम काला के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामनगर सालवा कलां क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही डांगियावास पुलिस और सीएसटी की संयुक्त टीम ने संदिग्ध स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम को अचानक सामने देख एक व्यक्ति हाथ में सामान लेकर भागने लगा। इस पर जाब्ते ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद सामान से 1.130 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद हुआ। पुलिस ने पदार्थ को जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नाथूराम (45) पुत्र खींयाराम जाट, निवासी रामनगर सालवा कलां के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

