खैरथल कॉलेज में 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम के साथ मनाई गांधी-शास्त्री जयंती: विद्यार्थियों ने जयपुर में आयोजित नशा मुक्ति कार्यक्रम में की शिरकत
खैरथल (हीरालाल भूरानी): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर राजकीय महाविद्यालय, खैरथल में 'विकसित भारत जन सेवा अभियान' के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
गांधीजी के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. महेश गोठवाल ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता तथा सेवा के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है और सेवा भाव से किया गया हर छोटा प्रयास समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
छात्राओं ने रखे विचार कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्रा खुशबू कुमारी, सोनाक्षी कुमारी और कमलेश ने “सेवा मेरा योगदान” विषय पर अपने प्रेरक विचार रखे। छात्राओं ने गांधीजी के जीवन, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रहित और युवा पीढ़ी की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं को आगे आकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इस दौरान महाविद्यालय स्टाफ से प्रभुदयाल, तरुण कुमार यादव और आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
जयपुर के नशा मुक्ति कार्यक्रम में उमड़े विद्यार्थी समारोह के बाद सुबह 8:30 बजे महाविद्यालय के 104 विद्यार्थी दो बसों में सवार होकर जयपुर के लिए रवाना हुए। ये विद्यार्थी जयपुर में मुख्यमंत्री के आतिथ्य में आयोजित भव्य नशा मुक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए। विद्यार्थियों के साथ डॉ. दीपक चंदवानी, डॉ. सरस्वती मीणा, राजवीर सिंह, डॉ. राहुल वर्मा, विक्रम सिंह, सौम्या सिंह और विकास भी विशेष रूप से साथ रहे।

