जयपुर में मानवता की मिसाल: थैलेसीमिया पीड़ितों की जिंदगी बचाने के लिए 25 अक्टूबर को लगेगा भव्य रक्तदान शिविर
जयपुर में थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के जीवन के लिए पहल: 25 अक्टूबर को वैशाली नगर में आयोजित होगा विशाल रक्तदान शिविर
जयपुर / राजस्थान (हेमेन्द्र सिह)
थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मासूम बच्चों को नया जीवन देने और उनकी इस जंग में संबल बनने के लिए जयपुर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर 'अच्छाई संस्था' की एक विशेष टीम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी रक्तदान शिविर की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। संस्था के प्रयासों से शहर में एक बार फिर समाज सेवा का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिलने वाला है।
25 अक्टूबर को वैशाली नगर में लगेगा शिविर:
संस्था अध्यक्ष विनीत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को जीवनभर लगभग हर 15 दिन में रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है। इन बच्चों की सहायता और रक्त की कमी को पूरा करने के लिए अच्छाई संस्था, दुर्लभ जी मेडिकल टीम और थैलेसीमिया चिल्ड्रन सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को वैशाली नगर स्थित गुरुद्वारा हॉल में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है रक्तदान:
बैठक के दौरान आयोजकों ने नागरिकों से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर इस पुण्य कार्य में हिस्सा लें। उन्होंने बताया कि नियमित अंतराल पर रक्तदान करने से जरूरतमंद की जान तो बचती ही है, साथ ही स्वयं का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। बैठक में संस्था अध्यक्ष विनीत शर्मा के साथ-साथ उस्मान खान, नीतू अरोड़ा और सुमिता शर्मा सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।

