नगर-अलवर मार्ग पर ओवरटेक के प्रयास में दो बसों में आमने-सामने भिड़ंत, हादसे में 6 यात्री घायल, 2 गंभीर
डीग जिले के नगर-अलवर मार्ग पर गुरुवार को दो बसों के बीच हुई जोरदार टक्कर में 6 लोग घायल हो गए। हादसा नगर थाना क्षेत्र के गांव चिरावल गुर्जर के पास हुआ, जहाँ ओवरटेक करने के चक्कर में दो बसें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
- तेज रफ्तार और ओवरटेक बना कारण:
नगर थाना प्रभारी लाखन सिंह ने बताया कि हैवेल्स कंपनी की एक बस नगर से अलवर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही विजय ट्रेवल्स की बस (अलवर से आगरा मार्ग) ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और दोनों बसों की सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुँची। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में घायल 6 लोगों में से 2 की हालत अत्यंत गंभीर थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य 4 घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और बाधित हुए यातायात को पुनः सुचारू रूप से शुरू करवाया। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।


